Wednesday, July 15, 2020

स्कूल की फीस

08:08 AM
15/07/20

-इन्दु बाला सिंह
‘ कितना मुश्किल से जमा किये हैं सर ! फीस का आधा पैसा । उधार लिये हैं इंट्रेस्ट पर । इसके पापा नहीं हैं ।दो महीने से मुझे पूरी सैलेरी भी नहीं मिली है । आधी फीस जमा करने से आप मेरी बेटी को ऑनलाइन क्लास में बैठने दे देंगी ?’ रिशा की मम्मी ने फोन पर चिरौरी की
‘ नहीं । आप एक महीने की फीस कम कर सकती हैं ... अगले महीने की फीस के साथ दे दीजियेगा।’
शिक्षक ने सोंचा उसे भी तो कम तनख़्वाह मिल रही है । उसके घर का खर्च कैसे चल रहा है यह वही जानता है ।
और शाम तक रिशा की मम्मी ने फीस के बाकी पैसे भी अपनी दोस्त से सूद पर ले ली और अपनी बेटी के स्कूल की फीस जमा कर दिया ।

ब्रांडेड दुकान


02:13PM
15/07/20
-इन्दु बाला सिंह
घर से निकली मॉल के लिये मिसेज़ मिश्रा ।बड़ा सुहाना मौसम था । ठण्डी ठण्डी हवा चल रही थी ।
दस मिनट आटो के चलने के बाद उन्हें ठण्ड लगने लगी। उन्होंने सोंचा अब ट्रेफ़िक जाम को काट कर दूसरी सड़क पकड़ घर से कार्डिगन लेने से अच्छा है मॉल से ही नया कार्डिगन ही ख़रीद लिया जाय ।
मॉल में वे सबसे पहले ऊनी कपड़े की दूकान में गयीं । खूब देख परख कर उन्होंने एक सुंदर सा कोट ख़रीदा।हालाँकि उन्हें साड़ी के अंदर पैरों में भी ठण्ड लग रही थी पर वे थर्मोकॉटनहीं ख़रीदीं ।
पैक करने को कहने के बाद वे सहज ढंग से अपने मन की भावना सेल्सगर्ल से कह उठीं।
‘ घर से चली तो ठण्ड न लग रही थी । रास्ते में ठण्ड लगने लगी तो ऊनी कपड़ा ख़रीदना पड़ा ।’
सेल्सगर्ल ने अपनी ठण्डी हथेली मिसेज़ मिश्रा जी हथेली पर रख कर धीरे से कहा - ‘देखिये मेरी हथेलियाँ कितनी ठण्डी हैं । हमें स्वेटर पहनना एलाऊड नहीं है।
एक पल के लिये मिसेज़ मिश्रा अपराधबोध से ग्रसित हो गयीं। फिर उन्होंने सोंचा ... यह इतनी ब्रांडेड दूकान है ! और जाड़े के मौसम में अपनी सेल्सगर्ल के साथ ऐसा व्यवहार!
उस सेल्सगर्ल का चेहरा वे भूल गयीं पर उस सेल्सगर्ल की दूबली पतली काया व उसके शिकायती बोल रह रह कर उनके मानस पटल पर आजीवन टकराते रहे ।

Sunday, June 16, 2019

दिवास्वप्न


07- 06 - 19

- इंदु बाला सिंह

प्रतिभावान बच्चे कलक्टर बनते हैं | ......  यह धारणा गलत साबित हुई  |


असल में प्रतिभावान व धनी माता व पिता के बच्चे ही कलक्टर बन पाते हैं |

सुकूनदायक घर पढ़ाई के लिए जरूरी है |

दिवास्वप्न दुःख देता है | सोयी अवस्था में देखा गया स्वप्न हमारा पथप्रदर्शक रहता है |

 अपनी समस्याओं का समाधान हम अपनी सोयी अवस्था में पाते हैं

वह सुंदर साड़ी


- इन्दु बाला सिंह


वह साड़ी हरे और नीले रंग के मिश्रण रंगोंवाले थी । यूँ कहिये वह साड़ी कुछ कुछ तूतिये जैसे रंग की थी । उसका कपड़ा चमकीला था । उस साड़ी में जंगह सुनहरे तार की जाले बनीं हुयी थी । कहीं पारदर्शी पत्थर भी जड़े हुये थे । मेरी नानी ने वह साड़ी मुझे दी थी ।

' ले ले तेरी शादी में तुझे काम आयेगी । '

इतनी सुंदर साड़ी पा कर मैं ख़ुश थी ।

मेरी नानी गिरवी रखा करती थी सामान । घर की सभी महिलायें बर्तन , कपड़े गिरवी रखा करते थे । यह उनकी आमदनी का एक ज़रिया था । गिरवी रखनेवाले पैसा न जुटने पर अपना सामान छोड़ देते थे । बेड़े शान से घर की महिलायें कहा करतीं थीं ।

' आज सामान ख़रीदते हैं घर के मर्द और कल गिरवी रख जाती हैं उनकी पत्नियाँ । '

आज समझ में आता है कितना गरीब था वह मुहल्ला ।

यह कैसी टीन एज थी मेरी जो मुझे यह सब धंधा आकर्षक लगता था ।

तो वह सुंदर साड़ी मुझे मिली जिसे मैं अपने ब्याह के बाद बड़ें शौक़ से पहनी और मैंने पाया हर तह से वह साड़ी फट रही है ।

कुछ वर्ष मैंने वह साड़ी अपनी नानी की यादगार की रूप में अपने पास रखी फिर उसे कूड़ेदान में डाल दिया ।


मेरी आँखों के सामने वह पत्थर जड़ी साड़ी अब भी कौंध जाती है । आख़िर मुझे उपहार में मिलनेवाली पहली वह सुंदर सी साड़ी जो थी ।

आज सोंचती हूँ मेरी नानी ग़रीब थी या स्वाभिमानी !



हरि इच्छा


- इन्दु बाला सिंह


ये मेरा छोटा बेटा मेरे साथ गाँव में ही रहेगा । कोर्ट में लगा दूँगा इसे । सबकी चिट्ठी पत्री लिखेगा । बीमार रहता है न यह । .... रमेश प्रसाद का विचार था ।


अठारह की उम्र का होते होते पिता ने अपने छोटे बेटे विष्णु प्रसाद का ब्याह कर दिया ।

विष्णु प्रसाद जी ने पिता से लड़ के सी ० टी ० ट्रेनिंग कर ली ।

पर ईश्वर के मन में कुछ और था ।

फिर तो वे रुके नहीं ।

वे शहर में एक प्राइवेट स्कूल में नौकरी करने लगे ।

और वे अपनी पढ़ायी भी जारी रखे ।

उन्होंने प्राईवेट पढ़ायी करते हगे एम ० ए ० बी० एड ० पास करने के साथ साथ पाँच बेटे और बेटियों के पिता भेर बने ।

उन्हें अपने ब्च्चों को उनकीं मनचाही शिक्षा दिलाया और उनका उनका ब्याह भी करवा दिया ।

विष्णुप्रसाद जी एजुकेशन अफ़िसर पद से रिटायर हुए ।

Tuesday, July 31, 2018

बेटी का पैतृक धन



-इंदु बाला सिंह

"हम लोगों ने दोनों बूआ को एक एक मकान और एक एक फैक्ट्री दी है । "

चुभ गया एक कांटा । इस छः क्लास की बच्ची के दिमाग में आखिर किसी ने तो भरी होगी यह बात । रमीशा ने सोंचा ।

जब दोनों बुआओं का ब्याह हुआ था तब इस छः क्लास की बच्ची की मां तो उसके बूआ के घर की बहू भी न बनी थी ।
दोनों बेटियों को उनके ब्याह के समय ही मिस्टर शर्मा ने मकान व फैक्टरी उपहार के रूप में दी थी । वे सोंचते थे , क्या पता कल वे रहें न रहें भाई अपनी बहन को न पहचाने ।हालांकि बेटे के नाम छः तल्ला मकान और एक फैक्ट्री लिख दी थी।

Monday, July 30, 2018

अपना मकान


-इंदु बाला सिंह


पति गुजर गये । मकान पत्नी के नाम लिख गये । पति मरने से पहले बेटे बेटी का ब्याह कर अपनी जिम्मेवारी से मुक्त हो अपनी जीवन -सन्ध्या में सदा निश्चिंत रहे ।
पत्नी विमला देवी के लिये अपनी जीवन सन्ध्या अकेले ही गुजारनी लिखी थी शायद विधाता ने ।
विमला देवी के पास अपना मेडीकल कार्ड था ।
जब चाहे वह बीमारी में अस्पताल में भर्ती हो सकती थी । दवायें मुफ्त थी । इलाज मुफ्त था ।
पर मुफ्त न थे सेवक व सेविका ।
मेहनताना ले कर भी अपनी मर्जी से काम करते थे वे ।
पूरा घर बदबूदार था विमला देवी का ।
सेविकाएं काम कर के डट के खा पी के चलीं जातीं थीं अपने घर ।
पति के गुजरते ही हित -मित्र भी ग़ायब हो गये थे ।
बेटों ने अपने पास अपनी मां को न रखा । आखिर कौन सेवा करता उस बूढ़े इंसान की ।
कुत्ता रखो घर में तो वो चोर को काट डालता है पर बूढ़े इंसान की रखवाली और सेवा से बड़ा खर्चीला कोई काम नहीं ।
विमला देवी खुश थीं । वे अपने घर में थीं । यहां वे किसी पर बोझ नहीं थीं ।
मकान जर्जर था विमला देवी की तरह । दीवारें सहारा थीं , मित्र थीं उनकीं ।
बेटे खोज खबर रखते थे अपनी माँ का अपने मित्रों के माध्यम से
एक दिन उन्हें खुशखबरी मिली ।
माँ अस्पताल के   आई o सी o यू o में  भर्ती है ।
बच्चे जुट गये ।
सात दिन के इंतजार के बाद मां गुजर गयी ।
शान से तेरही हुई मां की ।
पिता व पुत्र दोनों के मित्र मृत्यु -भोज में जुटे ।
मां को साथ न रखनेवालों ने मकान बेच कर अपने हिस्से का पैसा अपनी पत्नियों के नाम कर दिया ।