Friday, April 4, 2025

छात्र सुधार ! सड़क पे



-इंदु बाला सिंह 

      


स्कूल की गली खचाखच छात्रों से भरी थी | प्रतिदिन ओवर लोडेड आनेवाला ऑटो रिक्शा बच्चों को गली के मुहाने से ही छोड़ कर भाग रहा था | 

एक ट्रैफिक पुलिस एक मोटर साईकिल सवार छात्र का पीछा करते गुजरा उसके बगल से और स्कूल गेट के सामने उस छात्र को रोक दिया | पल भर में तीन चार ट्रैफिक पुलिस और आठ  दस खाकी वर्दीधारी पुलिस मोटर साईकिल पर दनदनाते हुए आये और मोटर साईकिल सवार छात्रों से मोटर साईकिल और स्कूटी वालों से स्कूटी चाभी समेत ले कर रख लिए | जिनकी मोटर साईकिल छिनी गयी थी उनके मित्र अभी स्कूल आ रहे थे | उन छात्र मित्रों को छात्रों ने यह खबर मोबाइल से पहुंचा दी | वे पेट्रोल पम्प के पास ही गाड़ी छोड़ कर आ गये  | 

   

   प्लस टू के छात्रों को बिना गीयर वाली गाड़ी चलाने का लाइसेंस मिलता है | हेलमेट पहनना भी जरूरी है | 

 मोटरसाइकिल वो भी बिना हेलमेट  के चलाना तो हिरोगिरी रहती है न | 

बच्चे परेशान हो टीचरों से प्रश्न पूछने लगे ...


" टीचर ! हम लोगों को गाड़ी मिल जायेगी न |.. " घर में डांट का भय था उन्हें |


इसी बीच प्रार्थना की घंटी बज गयी |

स्कूल की प्रार्थना खत्म हुयी | 


माइक पर प्रिसिपल की आवाज गूंजी ....

" जिन बच्चों की गाड़ी सीज हुयी है ट्रैफिक पुलिस के थाना से अपने माता पिता के साथ जा कर वापस पा सकते हैं | ..... और जिन्होंने गाड़ी पेट्रोल पम्प के पास रखा है वे याद रखें कि पेट्रोल पम्प गाड़ी स्टैंड नहीं है | "

पेपरवाला

 


1998


" ओ पेपरवाले ! "

साईकिल चलाकर गुजरता पेपरवाला रुक गया |

" कांच की बोतल लेते हो ? " श्वेता ने प्रश्न किया |

" कौन सी बोतल है ?...बीयर की बोतल एक रूपये में लेता हूँ | "

" अरे नहीं | स्क्वैश और दवा की बोतल है | " श्वेता के मुंह से सहज ही निकल गया |


पेपरवाला बिना जवाब दिए बेशर्मी से चला गया |

अटेंडेंट


-इंदु बाला सिंह 


वह अटेंडेंट था | अस्पताल में भर्ती बीमार जब डिस्चार्ज होता था तब घर के सदस्य उसे अपने घर ले जाते थे | बीमार की मृत्यु हो गयी तो  बीमार के कपड़े लत्ते उसे दान में मिल जाते थे |


करीब एक वर्ष बाद भेंट हुयी उससे |


" और कैसे हो ? "

" ठीक हूँ | आजकल एक सौ दस वर्ष के बुड्ढे का काम पकड़ा है मैंने | "


मैंने मुस्कुरा कर उसका समर्थन किया |

पुलिस बनूंगी

  


-इंदु बाला सिंह 


" टीचर ! मैं बड़ी हो कर पुलिस बनूंगी | " पढ़ते पढ़ते एकाएक एक छठी कक्षा की छात्रा ने कहा |


" क्यों ? " टीचर चौंक पड़ी उस छात्रा के कथन पर 


" मेरा भाई नहीं है न | हमलोग केवल दो बहनें हैं | मेरे माता पिता बूढ़े हो जायेंगे तो मुझे उन्हें देखना पड़ेगा न | "

कमाई


-इंदु बाला सिंह 


'' कितने हुए मैडम ! स्पीड पोस्ट के | "


काउन्टर पर बैठी महिला मौन रही |

सौ का नोट देने पर पोस्ट आफिस पर बैठी महिला ने 60 रूपये और और 39 रूपये की रसीद पकड़ा दी |

'' मैडम ! और एक रुपया | ''

'' खुचरा नहीं है | ''

'' मैडम ! एक रूपये का टिकट दे दीजिये | ''


और काउन्टर पर बैठी महिला कर्मचारी ने एक रूपये का टिकट दे दिया |

अभिवादन


-इंदु बाला सिंह 

      

दुकान के सामने से गुजरते हुए एक दुबली पतली सी औरत को गोद में सात - आठ महीने के बच्चे को पकड़े अपनी तरफ आते देख मैं उसे पहचानने की चेष्टा करने लगी | जब तक मैं तक उसे पहचानूं  वह अपने बच्चे समेत झुक कर मेरे  चरण स्पर्श कर ली ...

एकाएक मेरे दिमाग में उसका नाम कौंधा ..'' अरे ! जयिता ! ''

यह मेरी पुरानी विद्यार्थी थी |

दुकानों की कतारों के सामने उसे इस प्रकार अभिवादन करते देख जहाँ मुझे थोड़ी खुशी हुयी वहीं झेंप भी लगी |

...''अरे ! तेरी शादी हो गयी ? ...कहाँ रहती है ? ''

...''यहीं ..पास में ही घर है | ''

...'' चलो अच्छा है ...मैका और ससुराल एक ही शहर में है | ''


मैं आगे बढ़ चली |

निमन्त्रण


-इंदु बाला सिंह 


निमन्त्रण पत्र पर नाम लिखा जा रहा था |


श्रीमती विमला प्रसाद .....लिख दूं ....घर की तो वही बड़ी है |


सामनेवाले ने मेरे हाथ से कार्ड ले कर पुत्र का नाम लिख दिया |


वैवाहिक समारोह में पुत्र सपत्नीक पधारे थे |