Thursday, April 19, 2012

नजरिया ( लघु कथा )

१९७२

श्रीमती जी ने दूध माप कर बर्तन में डालती हुयी दूधवाली से पूछा - तेरी लडकी की शादी ठीक ठाक हो गयी न ?
--- हाँ बीबी जी |
--- दामाद क्या करता है ?
--- मास्टरी करता है |
--- मैट्रिक पास करके ?
--- नहीं जी ! बी. ए. पास कर के |
मारे आश्चर्य के श्रीमती का मुंह खुला का खुला रह गया |
--- उसके पास जमीन जायदाद है ?
--- तीस बीघा जमीन है |
--- क्या क्या दिया लड़की को ?
--- तीन ठो चांदी की सिकड़ी |
--- तुम लोग रूपया नहीं देते ?
--- नहीं बीबी जी |
--- हम लोगो का तो शादी पर बहुत खर्चा होता है | हमने तो अपनी लड़की को कंगन , चूडियाँ , हार , अंगूठी , रेडियो ,   
   सोफा , पलंग और ऊपर से तीन हजार रुपया भी दिया है |
--- तब तो आपका दामाद बहुत पढ़ा लिखा होगा | बड़े बड़े खेत खलिहान होंगे उसके पास|
श्रीमती जी का चेहरा सफ़ेद पड़ गया | दूधवाली से अपना बरतन पकडती हुयी बोली --- आज तो दूध पतला लग रहा है |

Sunday, April 8, 2012

चाँद ( लोक कथा )

चाँद ,  सूरज और हवा तीनों भाई बहन थे | उनकी माँ गरीब थी | एक बार उनकी धनी मौसी ने उन्हें अपने घर खाने पर बुलाया | तीनों भाई बहन खुश हो गए | आज के दिन उन्हें बढ़िया खाना मिलेगा | माँ ने उन्हें खुशी मन से भेज दिया बहन के घर | शाम को वे जब लौटे तो बड़े प्रसन्न थे | माँ ने पूछा कि क्या मिला वहाँ खाने में | बेटे सूरज और बहन हवा ने खाने की बड़ी प्रशंसा की | उन्होंने  कहा माँ वहाँ बड़ा अच्छा खाना बना था |वे उसे खा कर आज बहुत खुश हैं  | चाँद ने कहा की माँ खाना सच में बहुत अच्छा था | अपने खाने में से थोड़ा खाना छुपा कर तुम्हारे लिए भी लाया हूं | तुम खा कर देखो | माँ खा कर तृप्त हुई | उसने  चाँद को गले से लगा लिया और कहा आज जिस तरह तुमने सुख पहुंचाया है | तुम बहुत  बड़े बनोगे | तुम्हे देख कर लोग प्रसन्न  होंगे | तुम्हारी एक झलक पाने के लिए लोग अपने अपने घरों से निकल जायेंगे | सूरज , हवा को देखते ही लोग अपने घरों में छुप जायेंगे | तब से जब सूरज अपनी प्रखरता पर होता है और हवा खूब अपनी शक्ति दिखाती है तब लोग अपने अपने घरों में छुप जाते हैं | लेकिन चाँद जब अपनी पूर्णता में होता है तब लोग अपने घरों से निकल कर उसे देखते हैं | वे इतने प्रसन्न होते हैं कि वे अपनी औलाद को 'चाँद सी औलाद ' कह कर संबोधित करते हैं |

Saturday, April 7, 2012

टिड्डा और केंचुआ ( लोक कथा )

बात उस ज़माने की है जब टिड्डा और केंचुआ  दोनों जमीन पर चलते थे |टिड्डा की आदत थी हमेशा उछलना उड़ने की चेष्टा करना | केंचुआ  उस पर हँसता था  | वह कहता था कि वे दोनों जमीन पर रेंगनेवाले जीव हैं | अत: उसे इस तरह की बेवकूफी नहीं करनी चाहिए | उसे भी जमीन पर रेंगना चाहिए और उसकी तरह  मस्त रहना चाहिए | पर टिड्डा उसकी बात कभी नहीं सुना | वह हमेशा उड़ने की कोशिश करता रहा और केंचुआ जमीन पर रेंगता रहा | एक बार टिड्डा ने इतनी जोर की उछाल मारी की वह एक छोटे पेड़ की टहनी पर पहुँच गया | अब टिड्डा  बड़ा खुश हो गया | वह एक टहनी से दूसरी टहनी पर कूदने लगा | केंचुए ने उसे आश्चर्य से देखा | कुछ दिनों बाद बरसात का मौसम आ गया | बरसा होने लगी टिड्डा  उड़ कर पेड़ की पत्तियों में छुप गया | पर केंचुआ भीजने लगा | अपने को बचाने के लिए वह मिट्टी में घुसने की चेष्टा करने लगा | तब से टिड्डा पेड़ पर रहता है और केंचुआ जमीन में |

Friday, April 6, 2012

ढेला - पत्ता ( लोक कथा )

ढेला पत्ता दोनों मित्र थे | आंधी आने पर ढेला पत्ते पर बैठ जाता था और उसे उड़ जाने से बचा लेता था |बर्षा आने पर पत्ता ढेले पर बैठ जाता था और ढेला गलने से बच जाता था | एक बार ढेला और पत्ता दोनों झगड़ पड़े दोनों ने एक दूसरे को सीख देने की ठानी | एक दिन जोर की आंधी आयी | ढेला पत्ते पर नहीं बैठा | पत्ता राम उड़ गए | दूसरे दिन जोर की आंधी आयी | ढेला राम गल गए |