Wednesday, April 8, 2015

छात्रों की मारपीट


08 April 2015
17:12

-इंदु बाला सिंह


' टीचर ! देखिये रवीश कितना मारा है मुझे | अपने सातों दोस्त के साथ मिल कर मारा है | '

बारहवीं कक्षा का छात्र जय खड़ा था मिस बराल के सामने | गले में दोनों तरफ खरोंच के निशान , बायीं आंख सूजी हुयी लाल थी | शायद मुंह पर जोरदार घूंसा पड़ा था |

' क्यों मारा ? '

मिस बराल परेशान थी | पूरे कैम्पस , कक्षा और बरामदे में कैमरा लग जाने के कारण बच्चे स्कूल गेट के बाहर निकल कर मारपीट करते थे |

' मिस ! बोलता है मैंने उसकी शर्ट पर लिख दिया है | पूछिये पूरी कक्षा से - मैंने नहीं लिखा है | '

' ठीक है तुम तो स्कूटी से आये हो न | मेरे  साठ ही निकलो कल बुलाओंगी रवीश के पेरेंट को | '


और मिस बराल और जय दोनों एकसाथ निकल गये स्कूल गेट से |

Tuesday, April 7, 2015

फटा नोट


08 April 2015
06:25


-इंदु बाला सिंह


' आपके फूल के पेड़ के पास सौ का नोट चिंदी चिंदी कर के कौन फेंका है ? ' एक पुरानी कामवाली  गपियाने आयी थी दादी के पास |

' मैं फेंकी | वो नोट फटा वाला था न | पता नहीं कौन दिया था मुझे | '

' हंय आप नोट फाड़ के फेंक दीं | '

' बेटा बोलता - ' कहां से फटा नोट लायी | ' फाड़ के फेंक देना अच्छा है न | वैसे पड़ोसन बोली थी बैंक में देने से बदल जायेगा | '

' वो तो है | भैय्या से डर भी तो लगता है | ' कामवाली ने सहानुभूति प्रकट की |



Monday, February 9, 2015

राह में छेड़खानी


09 February 2015
22:57
-इंदु बाला सिंह


-मिस ! आज टर्निंग पर एक लड़का खड़ा था ...बोल रहा था ..आ जा तुझे लिफ्ट दे दूंगा |

-मिस ! मैं आ रही थी तो मुझे भी एक लड़का मिला था ...बोल रहा था ...मेरी स्कूटी पर बैठ जा |

 -' मिस ! मुझे तो दिखाई ही कम देता है ...मुझे चश्मा खरीदना है ... मुझे भी बोला होगा ... मुझे सुनायी ही नहीं दिया होगा | ' डरी डरी सहमी आवाज में तीसरी लड़की ने कहा |

कमरे में घुसते ही एक एक कर छात्राओं ने  घबरा कर सड़क पर का आज का अनुभव कहा |

आठवीं कक्षा के दस छात्र व छात्रायें टीचर सुरभि के पास गणित पढ़ने आते थे |

और सुरभि  एक पल घबरा कर  सोंचने लगी कि कमरे में पढ़ने बैठे छात्र क्या सोंच रहे होंगे |

सभी छात्र चुपचाप गणित के अपने अपने प्रश्न हल कर  रहे थे |

एक पल को सुरभि को वह बदमाश याद आ गया जो सुबह सुबह सड़क पर फट से एकाएक उसके सामने  अपनी लूंगी खोल दिया था और वह हकबका गयी थी |

-' अरे ! तुमको कोई लड़का कैसे छेड़ दिया ? मैं तो लड़कों को छेड़ती हूं | " इस छात्रा के पिता दबंग व्यक्ति थे कोई |

-' देखो डरना नहीं कभी रास्ते में कोई छेड़े तो | बोलना अभी लगाती हूं मैं पुलिस थाने में नम्बर और अपना मोबाइल फट से क्लिक करना | ' सुरभि ने समझाया |

-अरे मिस ! एक बार तो हम दो लडकियां जा रहे थे तो एक लड़का स्कूटी मेरे बगल में धीरे कर के कुछ बोलने लगा तो मैंने ऊंची आवाज में अपनी फ्रेंड से कहा - लगा तो भैय्या को फोन ..और वो लड़का भाग गया तेजी से अपनी स्कूटी चला के |

दुसरे दिन किसी छात्रा के कान में  मोबाइल का तार था तो किसी की मां अपनी स्कूटी से ट्यूशन छोड़ने आयी थी |


सभी छात्राओं ने  अपने अपने तरीके से समाधान निकाल लिया था |

Thursday, February 5, 2015

बरसात में एक ट्रेन यात्रा


04 August 2014
15:56
-इंदु बाला सिंह

हमें  पारादीप से भुबनेश्वर के लिये निकलना था |

ट्रेन सुबह छ: बजे छूटती थी | बरसात का मौसम था | लाईन लगा कर टिकट लिये और  भागे हम |

इस ट्रेन की यह खासियत थी कि ऑटो रिक्शा की तरह यह स्टेशन पर हर यात्री के चढ़ने के लिये रुकी रहती थी |

खाली हैण्ड बैग  हाथ में था मेरे |

ट्रेन ड्राइवर हमें दौड़ते देख रहा था | अतः उसने स्पीड धीरी रखी थी ट्रेन की | हम ( मैं और मेरा बेटा ) ट्रेन की विपरीत दिशा में दौड़ रहे थे | रेलवे स्टेशन का प्लेटफ़ॉर्म इतना नीचा था कि डिब्बे की  सबसे निचली सीढ़ी जमीन से एक फुट उपर थी |

आखिर हम चढ़ ही गये ट्रेन की एक बोगी में | सीट पर बैठने के बाद सांस में सांस आयी मेरी |

हमें अस्पताल जाना था | पारादीप में अच्छे अस्पताल नहीं हैं |

ट्रेन चल रही थी हमारी | ट्रेन का यह रूट हमारे लिये नया था क्योंकि हम पारादीप में नये आये थे |

ट्रेन कटक में आधा  घंटे रुक कर आगे भुबनेश्वर के लिये चलती थी |

हमारी दो घंटे की रेलयात्रा के बाद कटक स्टेशन आया |

फिर ट्रेन चल पड़ी | कटक से भुबनेश्वर एक घंटे में ट्रेन पहुंचाती है |

डेढ़ घंटे बीत गये ट्रेन को कटक से चले पर भुबनेश्वर न आया |

ट्रेन की खिड़की से दोनों तरफ हमें गाँव दिखाई दे रहे थे |

मैं घबरा गयी |

" ये ट्रेन कहाँ जा रही रही है " , यह सोंच मैं परेशान  हो गयी |

मेरे साथ साथ मेरा बेटा भी चिंतित हो  उठा | उसने अपने आफिस में एक कर्मचारी को फोन से अपनी स्थिति से अवगत कराया |

पता चला कि हम जरूर ट्रेन के गलत डिब्बे में बैठ गये हैं और हमारा  डिब्बा ट्रेन से कट चूका है | हमारी ट्रेन दूसरी ओर जा रही है |

अब मेरी जान सूख गयी |

हमारे दोनों तरफ गाँव ही गाँव दिख रहे थे | ट्रेन रुक रही थी छोटे छोटे स्टेशन पर फिर आगे बढ़ रही थी | हमारा डिब्बा खाली हो गया था |

हमसे थोड़ी दूर पर बैठे दो युवा हमें ताड़ रहे थे और आपस में बातें कर रहे थे | जितना भी हो सके मैं अपने चेहरे पर भाव न आने दे रही थी | हम सोंच रहे थे कि कोई एक बड़ा स्टेशन आये और हम उतर जायें | हम टैक्सी से कटक पहुंच सकते थे | पर स्टेशन आये तब न |

मुझे लग रहा था मैं किसी अंधेरी गली में घुसती जा रही हूँ | मुझे पता ही न चल रहा था हम लौटेंगे कैसे  |

ट्रेन से बाहर लगातार हल्की बारिश हो रही थी |

अब खिड़की से दोनों तरफ मुझे बाढ़ में आधी डूबी झोपड़ियाँ व खेत दिखायी देने लगे | मुझे लगा एक समय आएगा जब ट्रेन खड़ी हो जायेगी और हमारे दोनों तरफ बाढ़ का पानी होगा | मुझे लगने लगा  अब मैं कभी घर वापस लौट न पाउंगी |

मेरा दिल डूबने लगा |

मैं  ओड़िसा के कितने अंदर गांवों में घुसती जा रही थी |

मैं कहाँ जा रही हूं कब तक यह ट्रेन चलती रहेगी कुछ न मालूम हो रहा था मुझे |

तभी एक बड़ा जंक्शन आया | इस समय मुझे नाम याद नहीं |

हम जल्दी से उतरे |

स्टेशन में जा कर कटक लौटनेवाली ट्रेन के बारे में हमने पूछा |

स्टेशन मास्टर ने बताया अभी बीस मिनट में राजधानी ट्रेन आ रही है | वह ट्रेन आपको कटक पहुंचा देगी |

जल्दी से टिकट ले के भागे हम |

ट्रेन तब तक धड़धड़ाती हुयी आयी प्लेटफार्म पर और हम बौखला के ट्रेन में चढ़ गये  |

मुसाफिरों से भरी ट्रेन देख मेरी जान में जान आयी

हम कटक पहुंचे और फिर कटक से दूसरी ट्रेन पकड़ कर पारादीप रात साढ़े आठ बजे पहुंचे |

घर पहुंच कर आया था हमें सुकून |  

यह अविस्मरणीय रेलयात्रा मुझे भुलाये नहीं भूलती |

हम ओड़िसा के गाँवों में गुमने से बच गये थे उस दिन |


आज भी जब मूसलाधार बारिश होती है तो मुझे वह रेल यात्रा याद आ जाती है पल भर को दिल बैठ सा जाता है |

Sunday, January 11, 2015

लुटेरे का मन परिवर्त्तन ( लोक कथायें )


11 January 2015
21:32
-इंदु बाला सिंह

ऋतुराज नामक एक लूटेरा था | रात के अंधेरे में वह नदी के किनारे एक पत्थर पर बैठा रहता था और  जो कोई राहगीर  उधर से गुजरता था उसे वह लूट लेता था |

एक दिन ऋतुराज का दिल अपने बुरे कर्मों से ऊब गया | वह एक संत के पास गया | उसने संत से अपने मन की बात बतायी |

संत ने ऋतुराज की दिनचर्या ध्यान से सूनी फिर उसने कहा कि वह पहले की ही तरह रात में प्रतिदिन नदी के किनारे पत्थर पर बैठे पर वह किसी को न लूटे | जिस दिन भगवान् उसे क्षमा कर देंगे उस दिन उसके गांव का घंटा खुद बज उठेगा |

संत की बात सुन कर ऋतुराज हर रोज रात में नदी के किनारे पत्थर पर चुपचाप बैठा रहता था | धीरे धीरे गांव के लोग उससे डरना बंद कर दिये | इसीतरह चार महीने से ऊपर हो गये ऋतुराज को नदी के किनारे बैठते | अब वह परेशान रहने लगा | वह सोंचने लगा मन्दिर का घंटा आखिर कब बजेगा |

एक रात एक राहगीर को मार पीट कर उसका सामान छीनने लगे | ऋतुराज दौड़ कर उस लुटेरे को मार पीट कर  भगा दिया  फिर  दुखी मन से वह  मन्दिर की ओर चल पड़ा | इसी बीच उसे मन्दिर से घंटे की आवाज सुनायी पड़ी | वह खुश हो कर अपने घर की ओर लौट पड़ा |

सुबह ऋतुराज ने संत को बीती रात की घटना बतायी | उसकी बातें सुन कर संत ने उससे  कहा कि अब तक तो वह राहगीरों को मारपीट कर उनसे उनका  सामान लूटता था पर बीती रात तो उसने लुटेरे को  मार पीट कर राह्गीर का सामान लौटाया है | इसलिए उसने एक अच्छा काम किया है और इश्वर उससे प्रसन्न हुये हैं |





Tuesday, January 6, 2015

भाग्य सदा चलता पुरुषार्थी के साथ ( लोक कथायें )


07 January 2015
10:05
-इंदु बाला सिंह


धर्मराज और कर्मराज नामक दो राजा थे | दोनोंके राज्य की सीमायें पास थीं | दोनों राजा साधू संतों का आदर करते थे | आये दिन राजा अपने शक्ति का प्रदर्शन करने के लिये एक दुसरे पर चढ़ाई करते थे और  अपना कुछ इलाका गंवा बैठते थे |

एक बार युद्ध से पहले धर्मराज अपने राजय के महर्षि के पास आशीर्वाद के लिये गया | राजा के पास विशाल सेना थी इस समय |

महर्षि ने कहा - ' तुम्हारी विजय निश्चित है | '

धर्मराज खुशी खुशी अपने राज महल में लौट गये | उन्होंने अपने सेनापति को महर्षि का आशीर्वाद सुनाया |

सेनापति से बात सैनिकों तक पहुंची | अब पूरी सेना खुश थी |


उधर कर्मराज भी अपने राज्य के महर्षि  से मिला | महर्षि को ज्ञात था कि राजा की सेना कम है | अतः महर्षि ने कहा - ' तुम्हारी जीत संदिग्ध है | '

कर्मराज दुखी मन से वापस लौटा | उसने अपने सेनापति को महर्षि का कथन सुनाया |

' राजन ! आप निश्चिन्त रहें हम युद्ध में अपना जी जान लगा देंगे | आप देखिएगा | हमारा एक एक सैनिक उनके दस सैनिक के बराबर है |  हम जरूर जीतेंगे युद्ध में | ' सेनापति ने कहा |

सेनापति ने सैनकों को  महर्षि का कथन सुनाया और कहा -

' मेरे प्यारे सैनिको ! यह हमारे श्रम और मनोबल के परीक्षा की घड़ी है | हमें दुश्मन बीस सैनिक मारने का प्रण करना है | '

पूरी सेना में जोश भर गया | सब गाने लगे- ' जीतेंगे ! ....भई जीतेंगे !...जीते बिना नहीं लौटेंगे | '

कर्मराज की सेना जबर्दस्त तरीके से युद्ध कौशल का अभ्यास करने लगी |

धर्मराज की सेना दो घंटे भी न टिक सकी कर्मराज की सेना के सामने |

धर्मराज ने हार कर सफेद झंडा लहरा दिया |

कर्मराज मुस्कुरा उठा |

धर्मराज क्रोधित हो के लौटा अपने महर्षि के सामने | उसने कड़े शब्दों में महर्षि से कहा -

' महर्षि ! आप राज दंड के काबिल हैं | आपने झूठ कहा था कि हमारी विजय होगी | '


' तुम्हारे भाग्य में जीत थी पर तुमने श्रम न किया | भाग्य सदा पुरुषार्थी का ही साथ देता है | तुम्हारी सेना ने ठीक से युद्ध्याभास न किया होगा | ' महर्षि ने शांत शब्दों में कहा |

धर्मराज ने महर्षि की बातों का मर्म समझ लिया | वह चुपचाप लौट गया राजमहल में |



Saturday, January 3, 2015

नये साल का कैलेंडर


03 January 2015
21:15
-इंदु बाला सिंह


" अरे ! तुम लोगों ने कैलेंडर उतरा नहीं है अब तक ? ...नया साल शुरू हो गया है न ! " चौथी कक्षा में प्रवेश करते ही मिस शालिनी की  कड़क आवाज गूंजी |

हालांकि मिस ने नकली क्रोध ही व्यक्त किया था |

टीचर जरा बायीं ओर मुड़ी नहीं कि मनदीप  फट से पुराना कैलेंडर उतार दिया कक्षा की दीवाल से |

" अरे ! मनदीप  तुमने कैलेंडर  कैलेंडर क्यों उतार दिया ? कल तुम नया कैलेंडर लाओगे क्या ? " मिस शालिनी फिर कड़की |

" नहीं मिस | " मनदीप ने ढिठाई से कहा |

 वह पुराना कैलेंडर पलट कर मई महीना का पन्ना निकाला | मई को काट कर उसने जनवरी लिख दिया और  दो हजार चौदह काट कर दो हजार पन्द्रह लिख दिया |

" देखिये मिस !...ये है दो हजार पन्द्रह का कैलेंडर  | "

मिस शालिनी चकित थी चौथी कक्षा के छात्र की चतुराई व तेजी पे |

" पर फरवरी में तो नहीं चलेगा न यह कैलेंडर ! "

अबकी मनदीप निरुत्तर था |


" हमारे दूकान में कैलेंडर है मिस ! मैं ला दूंगी | " तरुणा बोली