Thursday, July 17, 2014

दुबारा बी० एड०


10 July 2014
07:56
" कितना गंदा लिखते हो ! ....पढ़ना मुश्किल हो जाता है .....हैण्डराईटिंग सुधारो !.. "

" मैडम ! आपने क्या.... बी० एड० किया है ...आप बच्चों की हैण्डराईटिंग नहीं पढ़ सकतीं ? " चट से निकला उत्तर मनीष के मुंह से |

एक्स्ट्रा समय में बच्चे पढ़ रहे टीचर से |

" ये बच्चे न ....." मन ही मन सोंचा मिसेज शुक्ल़ा ने ...." अब कौन मुंह लगे इन दसवीं कक्षा के लडकों के मुंह | "

" मैंने दुबारा बी० एड० कर लिया ..." दुसरे दिन मिसेज शुक्ला ने मनीष को जवाब दिया |

चौंक पड़ा छात्र |

" कैसे मैडम ?... आपने एक दिन में दुबारा बी० एड० कर लिया ? "

" मैंने दुबारा पढ़ ली न कल रात बी० एड० की किताबें .."


छात्र पानी पानी हो गया |

शिक्षक की दुनिया


17 July 2014
20:12
" मेरे घर का भाड़ा मैं , मेरे पिता और मेरे भाई में तीनों मिल कर देते है | एक एक के हिस्से ढाई हजार पड़ता है | भाई भाभी यहाँ रहते तो नहीं हैं पर पर जब वे आते हैं तो उनके लिए एक कमरा चाहिए न | बिजली का बिल मेरे पिता देते हैं इंटरनेट का मैं | मेरी बिटिया के खाने का खर्च मैं देती हूं | अपनी बिटिया का स्कूल फीस , ट्यूशन फीस सब मैं देती हूं | मेरे पिता रिटायर्ड हैं न कितना खर्च उठाएंगे परिवार का | " तलाकशुदा अध्यापिका ने मुस्कुरा कर कापी चेक करना रोक कर सहज ढंग से अपनी तनख्वाह का हिसाब दे दिया |

मैं उसकी सहजता पर विस्मित थी और मुझे अपने घर में होने वाले  सास ससुर व पति के बीच प्रतिदिन होनेवाले शीत युद्ध की याद आया | 

उस अध्यापिका की मुस्कान मुझे ठंडी फुहार सी महसूस करा गयी |

मैं प्रत्युत्तर में मुस्कुरा दी |

मेरे सामने कापी का ढेर था चेक करने के लिये पर मेरा मन उखड़ चूका था कापी से |

मैं बस यूं ही कापी के पिछले पन्ने पलटने लगी और सोंचने लगी कहीं कोई पन्ना बिना चेक हुए ही छूट तो नहीं गया है |


प्राइवेट विद्यालय में सारे बच्चे फर्स्ट क्लास पास तो हो जाते हैं पर शिक्षक की तनख्वाह पांच से आठ हजार के बीच ही रहती है और इसी तनख्वाह में शिक्षक की इमानदार दुनिया बसती है |

Thursday, June 19, 2014

अखबारवाले की बिटिया


19 June 2014
16:22

-इंदु बाला सिंह


" अरे ! क्या बात है ...आज स्कूटी है !... "

" आज अखबार बाँटनेवाला लड़का छुट्टी पर है ....ये बिटिया की स्कूटी है | .....उसके कालेज में भी छुट्टी है | .... " अखबारवाला झेंपते हुए बोल पड़ा |

खटारे साईकिल से हर महीने आ कर अखबार के पैसे वसूलने वाले को आज लाल रंग की प्लेजर स्कूटी में अखबार लाद कर बांटते देख मैं चौंक गयी |

लाल रंग की चमचमाती स्कूटी पर बैठे उस बुजुर्ग की मुस्कुराती प्रसन्नचित्त आँखे मुझे मोहक लगने लगी  |

" क्या पढ़ रही है तुम्हारी बेटी ? "

" एम० ए० फाईनल की परीक्षा दी है ....नेट की परीक्षा भी दी है ... "

आजतक जो अखबारवाला मुझे आम आदमी लग रहा था अब मुझे ख़ास लगने लगा |

" कौन सा विषय है उसका एम० ए० में ? "

" उड़िया है | "

" फिर क्या करेगी तुम्हारी बेटी "

" एम० फिल० करेगी | "

उस अखबारवाले के उत्तर मुझे गदगद किये जा रहे थे |

मन ही मन मैंने सोंचा ..." क्या पिता है | "

" मेरा बीटा भी डिप्लोमा इंजीनीयरिंग कर के नौकरी कर रहा है | " मुझे चुप देख कर वह अखबारवाला स्वत: बोल पड़ा |

मैंने मुस्कुराकर अखबारवाले का मनोबल बढ़ाया |

और मेरे मुंह से बरबस निकल पड़ा .."  वाह ! "

फिर मेरी आँखों के सामने बड़े घर की उन लडकियों की कहानिया कौंध गयीं ..जो स्कूल की पढायी  के समय ही घर छोड़ कर किसी के साथ भाग गयी थीं |


मेरा मन कसैला हो गया |

Thursday, May 22, 2014

छोटे बड़े का लिहाज


22 May 2014
23:30

  -इंदु बाला सिंह

वह शहर की लड़की थी | पर ससुराल में कुछ साल रहना पड़ता है न इसलिए वह ससुराल में रहती थी और उसका पति शहर में नौकरी करता था | पति छुट्टियों में गाँव आता था |

बहू ने पीढ़ा खींचा और बैठ गयी सास और जेठानियों  से बात करते करते |
सास व जेठानी बिना पीढ़ा के जमीन पर उकडूं बैठे थे |

" बाप ने यही सिखाया है ....अपने से बड़ों के सामने पीढ़े पर बैठी है ... " कहते हुए जेठानी उसका पीढ़ा छीन ली |

और आज बात करते करते उसकी कामवाली जब उसके बगल में बैठ जाती है ..... यह देख वह चुप रह जाती है  |

आज वह अकेली है  ..कामवाली पर निर्भर है ....पर वह छोटे बड़े का लिहाज और उससे जेठानी का पीढ़ा छीन लेने की घटना …………. उसे भुलाये नहीं भूलती  |

श्रीहीन भाई


15 May 2014
07:28

-इन्दु बाला सिंह

दो वर्ष तक चचेरी भाभी मैके से न लौटी तो वह एक पत्र लिख बैठी |
' भाभी ! आप हमारे घर आ कर रहिये ..... आपको यहां नौकरी लगा देंगे | '

उसकी दुनिया कितनी स्वप्निल थी | उसके पिता ने एक पुरुष रिश्तेदार को नौकरी लगवायी  थी | बिना पिता से बातचीत किये उसने भाभी को एक दिन पत्र लिख मारा था | भाभी निकम्मे पति के दुःख और जेठ द्वारा ठीक से खाना न बना होने के कारण अपनी दम्भी जेठानी के सामने  किचेन में पड़े कलछुल से पिटायी खाने के बाद वापस ससुराल न लौटी थी | न तो पति में मनोबल था पत्नी को बुलाने का और न ही पत्नीविहीना ससुर में हिम्मत थी बहु को घर वापस लाने की |
' आप अपने भाई को नौकरी लगवा दीजिये ' , पत्र का उत्तर आया |
कालेज में पढ़ती थी वह पर सम्बन्धों के मिठास को महसूसने वाली चचेरी ननद को चुभ गये भाभी के शब्द | इतना भी न सोंच सकी थी वह  कि काश भाभी ने  पत्रोत्तर ही न दिया होता |

आज अपने ब्याह के बीस वर्ष बाद उस पत्रोत्तर की उसे याद आयी और समझ आया उसका अर्थ |

भाभी को मेरा निकम्मा श्रीहीन भाई न भाया था तो मैं कौन थी उसकी |

Sunday, May 18, 2014

जूते की फैक्ट्री

( सुनी हुयी कथाएं )



18 May 2014
20:52

एक व्यापारी को एक जूते की फैक्ट्री एक इलाके में लगवानी थी | उसने अपने दो कर्मचारियों को बारी बारी से इलाके का मुआयना करने भेजा |
पहला कर्मचारी इलाके का मुआयना कर के लौटा और बोला , " अरे ! उस इलाके में फैक्ट्री लगाने से कोई फायदा नहीं | वहां तो सब नंगे पैर घुमते हैं | हमारा जूता वहां बिकेगा ही नहीं | "
दूसरा कर्मचारी कर्मचारी जब इलाका देख कर लौटा तो उसने राय दी ," अरे ! बहुत बढ़िया जगह है वह तो | उस इलाके में हम जूते की फैक्ट्री लगायेंगे तो हमें बहुत मुनाफा होगा क्योंकि उनके पास तो जूते हैं ही नहीं | "
व्यापारी ने उस इलाके में जूते की फैक्ट्री लगायी और उस दुसरे कर्मचारी को अपना विश्वस्त सलाहकार बना लिया |

Sunday, May 11, 2014

सहारा ढूढती माँ


11 May 2014
17:20

-इंदु बाला सिंह

" माँ !..मामा को क्या क्या करना होता है ... भांजी के ब्याह में ? " पुत्र ने पूछा माँ से |
माँ ने बड़े चाव से समझाया पुत्र को |
पुत्र सपत्नीक जानेवाला था भांजी के ब्याह में |
" मैं तो कभी किसी के शादी ब्याह के मौके पर मैके ही न जा पाई ... " बोले बिना माँ न रह सकी | फिर इस बार तो उसकी नतिनी का ब्याह था |

पुत्र मौन रहा | फिर घर की बिजली , दूध और राशन के बिल का दुखड़ा रोने लगा |