Saturday, January 11, 2014

मेरी बेटी ही नॉमिनी है

" मेरे पी० एफ० और इंश्योरेंस की नॉमिनी  मेरी बेटी ही रहेगी सदा ..... मैंने तो अपने बैंक अकाउंट की नॉमिनी भी बेटी को ही बनाया है .... तुम दे  देना न अपना धन अपनी बेटी को ... " माँ ने मुंह फेर कर कहा और सब्जी काटने लगी |

पिता ने कहा जानेवाली निगाहों से देखा बेटी को और चप्पल पहन पार्क की ओर चल पड़े |


पांच वर्षीय बेटी सहमी सी अपना गुड्डा  पकड़ माता पिता को देखती रही .... भाई तो दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने पार्क चला गया था |

Wednesday, January 8, 2014

छात्र और हड़ताल ( स्कूल की कहानियां )


सप्तम कक्षा के छात्र अलग स्कूल और अलग घर के हों तो बड़ी छनती है क्योंकि उम्र तो एक ही रहती है न |

" एक हडताल हो चुकी है इस महीने ... और दो होनी चाहिए इसी महीने ... | " एक छात्र ने कहा |

" अरे नहीं ! ... हमारे स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं .... वरना छब्बीस जनवरी से पहले     परीक्षाएं खत्म न हो पाएंगी | " दुसरी छात्रा परेशान हो उठी | परीक्षाएं खत्म होने से मैदान में गप्पें मरने पर मम्मी से डांट खाने का भय न रहता था उसे |


" तो क्या हुआ .... एक एक पेपर के बीच गैप हो जायेगा ...अच्छा से पढ़ाई हो सकेगी | " 

Monday, January 6, 2014

मारवाड़ी है भाई ! ( स्कूल की कहानियां )

" अरे भाई ! केजरीवाल मारवाड़ी है .... और मारवाड़ी को कहीं भी कभी भी नुकसान नहीं होता ..... सरकार को भी नुकसान नहीं होगा फ्री पानी सप्लाई से ... "
मारवाड़ी छात्रा ने कालर ऊँचा करते हुए कहा | कुछ छात्र छात्रायें  स्कूल के मध्यावकाश के समय एक समूह बनाये खड़े थे |

शिक्षक को बगल से गुजरते देख छात्रा ने कालर  नीचे कर लिया |

काठ हृदया लड़की

" अरे इ लड़की त एतनी काठ हृदया हव कि विदा समय भी ना रोई .... | "

हमेशा ऐसा नाम कमाने वाली लड़की ने अपना नाम बनाये रखा |

वेदी पर बैठते समय चाची ने घूँघट खींच दिया |

वेदी के सामने मन्त्रोत्चार के साथ आंसू अविरल बह रहे थे लड़की के |

विदा के समय ननद ने घूँघट खींच दिया |

पिता की ड्योढी लांघते वक्त लड़की का चेहरा नहाया था आंसू से |


घूँघट ने मान रख लिया था काठ हृदया लड़की का |

शैतान विनय ( स्कूल की कहानियां )

विनय ने मिसेज दत्ता की नाक में दम कर रखा था कक्षा में |

नित नयी शैतानी सूझती थी उसे  |

आठवीं कक्षा के छात्र विनय में  चौथी कक्षा के छात्र सा चुलबुलापन था |

" देखो विनय ! कल छुट्टी का आखिरी दिन है ...सम्हल के रहना ...वरना पिछली बार की तरह शैतानी करोगे तो नये साल में प्रिंसिपल के सामने खुद को कैमरा में देखोगे शैतानी करते हुए ...और सजा मिलेगी तुम्हें  | " मिसेज दत्ता ने विनय को धमकाते हुए कहा |

हर कक्षा में कैमरा लगा था | उसमें बच्चों को उनकी शैतानियों का प्रूफ दिखा कर सजा मिलती थी |

विनय डर गया |

" नहीं टीचर ! ऐसा नहीं होगा | "

और जाड़े की छुट्टी के आखिरी दिन कक्षा से वह नदारद था |

मिसेज दत्ता ने सोंचा छुट्टी में गाँव चला गया होगा |

तीन तारिख को स्कूल खुला | विनय कक्षा में न दिखा |

मिसेज दत्ता ने सोचा ... चलो शांति है कक्षा में |

" क्या मैं अंदर आ सकता हूँ ....गुड मार्निग टीचर ...हैप्पी न्यू ईयर !... " बोलते हुए सीधे प्रवेश कर गया अंदर कक्षा में |

सामने बैठे छात्र ने धीरे से कहा ... " बैड मार्निग टीचर ! .."

टीचर ने कुछ न सुन पाने जैसा चेहरा बना कर उपस्थिति रजिस्टर खोल लिया  ..... फिर एक एक कर के बच्चों का नाम बुलाने लगी |

विनय अपनी जगह से उठ कर धीरे से मिसेज दत्ता के पीछे खड़ा हो गया |  .... फिर देखा कि टीचर कुछ नहीं बोल रही है तो धीरे धीरे टीचर के टेबल के बगल खड़ा हो गया |

" ऐसा करो विनय ...कल से तुम यूनिफार्म मत पहन के आना ....ठीक है ..... तुम उपस्थिति लेना और क्लास में गणित पढाना  .....ठीक है ... " मिसेज दत्ता ने उपस्थिति लेना बंद कर के कहा |

" नहीं टीचर !...यूनिफार्म क्यों नहीं पहनूंगा ?... " अचंभित हो विनय ने कहा |

" तुम टीचर बन जाओगे न ...तो तुम्हें यूनिफार्म की जरूरत नहीं .... मै स्टाफ रूम में आराम से बैठुंगी | "

अब बात समझ आयी विनय को |

झेंपते हुए अपनी सीट पर जा बैठा वह |





Thursday, January 2, 2014

पहली अप्रैल ( स्कूल की कहानियाँ )

" टीचर आपके सैन्डल में क्या लगा है ? "

" अरे ! तुम्हारे जूते में क्या लगा है ? "

 बच्चे हँस पड़े |

 टीचर भी हंस दी |


 आज पहली अप्रैल थी |

झोपड़ी की कीमत

जाड़े की भोर थी |

रानी अपनी सहेलियों के साथ नदी में नहाने गयी | नहाने के बाद उसे  ठंड लगने लगी | सामने एक खाली फूस की झोपड़ी देख वह सोंची क्यों न इसे जला कर आग तापा जाय |

बस रानी के मन की बात सुनते ही सहेलियों ने आग लगा दी झोपड़ी में | रानी अपनी सहेलियों के साथ जम कर आग तापीं फिर अपने महल लौट गयीं |

गरीब आदमी जब झोपड़ी में लौटा तो पाया कि उसकी झोपड़ी राख बन चुकी है |

दुखी मन से वह गरीब आदमी राजा  के दरबार में  रानी की शिकायत ले कर पहुंचा |
राजा ने रानी को दरबार में बुलवाया  और पूछा कि क्या उसने  आज एक झोपड़ी जलायी है |

" हाँ जलाई तो थी | वो खाली पड़ी थी | ... " रानी ने कहा |

" तो अब वो गरीब बेचारा कहां रहेगा ? " राजा  ने प्रश्न किया |

" ठीक है ...मैं बनवा दूंगी झोपड़ी | "

" तुम कैसे बनवा दोगी ?....तुमको झोपड़ी खुद कमा कर बनवाना पड़ेगा |...एक झोपड़ी इतनी आसानी से नहीं बनती .... तुमको आज से ही राजमहल से मैं निष्कासित करता हूँ ....अब जब तुम झोपड़ी बनवा लोगी तभी मेरे महल में प्रवेश कर पाओगी | " यह कह कर राजा ने रानी को राजमहल से निकाल दिया |
अब रानी काम खोजने के लिए दर दर भटकने लगी |
आखिर एक लकडहारे के घर उसे लकड़ी काटने का काम मिला |

रानी ने पूरे  एक साल काम  किये तब जाकर झोपड़ी बन पायी |

झोपड़ी बना कर जब वह राजा के पास पहुंची तब राजा ने उसे राजमहल में फिर से रख लिया |