Sunday, December 22, 2013

पनडब्बा ( लोक कथा }

एक औरत थी | वह खूब पान खाती थी | उसके पास एक ख़ूबसूरत पनडब्बा था | वह चाहती थी लोग उसके पनडब्बा के बारे में जानें | उस पनडब्बा को लोग देखें | पर कैसे दिखाए वो सबको | लोगों को जबरदस्ती तो दिखा नहीं सकती थी |
एकाएक उस औरत के दिमाग में एक उपाय आया | उसने अपने घर में आग लगा दी |

घर जलते देख कर अगल बगलवाले दौड़े | कोई आग बुझा रहा था तो कोई सामान निकल रहा था |

वह औरत चिल्लाई ...अरे मेरा पनडब्बा निकालो !

कुछ लोग पूछे ...अरे आप पान खाती हैं ?


वह औरत बोल पड़ी ....आगे पूछे होते तो क्या मैं अपने घर में आग लगाती |

Tuesday, December 17, 2013

आलसी भालू और मेहनती भालू ( लोक कथा }

दो भालू थे |
एक आलसी भालू था और एक मेहनती भालू था |
मेहनती भालू दिन भर घूमता था और शहद इकठ्ठा करता रहता था | वह शहद खाता था और भविष्य के लिए अपने कमरे के ड्रम में डाल देता था |
आलसी भालू दिन भर धूप सेंकता रहता था | अपने घर के सामने लेटा रहता था |
आलसी भालू ने अपने कमरे से मेहनती भालू के कमरे तक जमीन के अंदर अंदर एक सुरंग खोद दी थी |उस सुरंग से उसने एक पतली पाईप का एक छोर शहद वाले ड्रम में डाल दी थी और दूसरी छोर अपने कमरे में रक्खी थी | जब मेहनती भालू घर से बाहर जाता था तब आलसी भालू मेहनती भालू के ड्रम से शहद मुंह से पाईप की सहायता से सोख कर पी जाता था |
एक दिन मेहनती भालू जब अपने ड्रम को देखने गया  | वह सोंचा था कि काफी शहद इकठ्ठा हो गया होगा पर उसका ड्रम दस प्रतिशत ही भरा था शहद से |
आलसी भालू बहुत दुखी हुआ |
उसने अपनी समस्या अपनी मित्र लोमड़ी को बताई |
लोमड़ी मेहनती भालू के घर पहुंची | उसने उसके घर का मुआयना किया | बाहर सोये आलसी भालू को देख उसकी भौं चढ़ गयी  |
लोमड़ी ने मेहनती भालू से निश्चिन्त हो जंगल जाने को कहा | वह खुद  भालू के घर में अकेली रह गयी |
लोमड़ी ने घर में चूल्हे एक डेकची में पानी चढ़ा दिया |
मेहनती भालू को जाते देख आलसी भालू अपने घर में घुसा और शहद सोखने के लिए पिप में मुंह लगाया |
उधर लोमड़ी ने खौलता  पानी ड्रम में डाल दिया |
और शहद सोखने लगे आलसी  भालू का मुंह जल गया |
इस घटना के बाद से आलसी भालू ने कभी शहद नहीं चुरायी  और वह खुद शहद इकट्ठा करने जंगल जाने लगा |






Thursday, December 5, 2013

अनाथ दादी

" दादी बोली , मैं कहां जाउंगी इस उमर में " बगल घर से आती पोते की आवाज ने जी कचोट दिया |

हाय रे अबला जीवन क्या तेरी यही कहानी
आंचल में है दूध और आँखों में है पानी |

आज भी भी सजीव है यह भाव हर घर में | आज भी न बदली महिला की स्थिति |

बगल घर में दादा जी को गुजरे एक वर्ष हो गया था | अपने मकान में रहते हुए भी दादी जरूर एक छत की तलाश में व्याकुल हो रही होगी उसने सोंचा |

दादी दादा के पहले ही गुजर गयी होती तो समस्या ही न थी |

दादा के सामने बेटों के खड़े होने की मजाल न थी |

आरक्षण और कानून की फाईल ऑफिस में ताक में पड़ी थी |


और पड़ोसन दादी के दुख में मैं तड़प रही थी |

बिटिया मेरा घर भी तेरा है !

ठेकेदारी मिट गयी थी ध्यान वर्मा की | शहर में काम का अभाव था | कर्ज कर्ज पर कर्ज चढ़ रहा था वर्मा जी पर | आखिर मकान बेच कर कर्जमुक्त हुए वर्मा जी |

मकान खरीदा पाकिस्तान से विस्थापित सरदार जी ने अपनी बेटी दामाद के लिए |
चार वर्ष में ही मकान बना ध्यान वर्मा का विवाह हुआ , दो बच्चे हुए और मकान भी बिक गया |

सरदार जी ने विस्थापन का कष्ट झेला था |


" बिटिया ! मेरा घर भी तेरा घर है ..जब भी इस शहर में आना मेरे घर में ठहरना | " मकान खाली करवाते वक्त सरदार जी वर्मा जी की पत्नी के सर पर आशीर्वाद के लिए हाथ फेरते वक्त कह उठे |

Monday, December 2, 2013

पगली भिखारिन

पगली भिखारिन ने घर के गेट पर खड़े  हो गृह स्वामिनी से हाथ के इशारे से खाने का सामान मांगा |

दोपहर का समय था |
मिसेज वर्मा  ने सोंचा भूखी होगी बेचारी और केले के पत्ते पर दाल चावल सब्जी परस कर ले आई और रख दिया उस भिखारिन  के सामने |

" No ... only biscuits !.... " अंग्रेजी में मिले नकारात्मक उत्तर से हतप्रभ रह गयी मिसेज वर्मा |

इस शहर में नया आया था उनका परिवार |

शाम को मिसेज वर्मा ने जब पड़ोसन मिसेज सुन्दरम को दोपहर का वाकया सुनाया तो वे  झट बोल पडीं  ......
" अरे ! उसका आदमी उसे छोड़ दिया है ...ये भिखारिन पढ़ी लिखी औरत है ....दुःख से इसका दिमाग फिर गया है ...यह किसी के घर का खाना नहीं खाती है ...भीख में मिले पैसों से होटल में खाती है ..और ऐसे ही फाटे चीथड़े कपड़ों में घूमती रहती है सडकों पर ..रात को कहीं भी सो जाती होगी | "

" इस बार मेरे बर्थ डे में मेरी माँ ने एक साड़ी भेजी है ..बीस हजार की है वो साड़ी ...आईये देखिये | " मिसेज सुन्दरम ने अपने घर का गेट खोलते हुए कहा |

Tuesday, November 12, 2013

झूठी शान

छोटे भाई के ब्याह के पांच बरस बाद  सरिता मैके आयी थी चचेरी बहन के ब्याह के अवसर पर | उसने भाई की आर्थिक स्थति  विषय में अपने पिता से सुना था | भाभी के अपने एक एक जेवर बिक गये थे | कष्ट से घर चल रहा था |
" भाभी ! ....मैं लाई हूं अपना एक एक्स्ट्रा सेट तुम्हारे लिए .... तुम पहन लेना ब्यह के दिन ... " सरिता को भाई के इज्जत की चिंता थी |

" मैं क्यों पहनूं  तुम्हारा सेट ...तुमने तो मेरे चारों सेट रख लिए .... " भाभी भड़क गयी |
" मैंने रख लिए !.... भला कब ? " आश्चर्य से सरिता ने पूछा |
" तुम्हारे भैय्या तो बोले थे मेरे ब्याह में यहां से जो सेट मिले थे वे सब आपके पास हैं ... " भाभी ने तमक कर कहा |

" अरे ! वे चारों  सेट तो उधार लाये गए थे दुकान से भैय्या ब्याह के अवसर पर  ...... फिर सुनार को वापस लौटने की बात हुई थी ..... मैंने तो भैय्या को कहा था कुछ दिन बाद भाभी को बता देना ... माँ बाबूजी को भी पता है ... " तमतमाते हुए सरिता ने कहा |

" क्या माँ , बाबूजी ! आपने मुझे इतना गिरा दिया भाभी की नजरों में ..... " और सरिता फूट फूट कर रो पड़ी |


सरिता के माता पिता मौन रहे |

Monday, November 11, 2013

बुजर्ग मित्र

लाठी के सहारे  सुबह की सैर को निकले  थे जयराम जी |
अपने घर के गेट के पास खड़े खड़े उसने  उस बुजुर्ग को पहचानने की चेष्टा की | कितने दिनों बाद यह चेहरा दिखा था उसे |
" कहीं ये जयराम जी नहीं ! ... "
" किसी का चेहरा किसी से मिलता जुलता भी तो हो सकता है ...पास आने पर पता चलेगा ..." मन ही मन सोंचा उसने |

" कुमार जी कैसे हैं ? " बगल से गुजरते हुये जब वे बोल पड़े तो उसकी हथेलियां स्वत: प्रणाम की मुद्रा में जुड़ गयीं |

" जयराम जी ! " उसकी आँखों में प्रश्नवाचक चिन्ह था |

" हां ! " जब जयराम जी के मुख से निकला तब विश्वास हुआ उसे खुद पर |

उसका अनुमान गलत न था |

" बहुत दिन बाद देखे ?"

" बेटा ! बीमार रहता हूं ..किडनी खराब हो गयी है | "

" और कुमार जी कैसे हैं ? " उन्होंने पिता के बारे में पुनः पूछा |

" वो तो तीन साल हो गया चले गए | " वह आकाश की और इशारा कर के बोल पड़ी |

" अरे ! मुझे तो पता ही न चला ! .... कितनी मित्रता थी उनसे ....मैं तो यहीं दो सड़क के पार रहता हूँ ........ " वे धीरे से बोले |

" मोबाइल नम्बर नहीं था मेरे पास आपका .... नहीं तो मैं जरूर खबर करती आपको ..... " उसने अपनी मजबूरी प्रकट की |

" क्रिया कर्म यहीं हूआ क्या ? " जयराम जी फिर कुछ सोंचते सोंचते बोल पड़े |

" जी .... दरअसल कार्ड किसको किसको भेजना है .. यह सलाह मशविरा मुझसे किसी ने नहीं हुआ ....."

" ओह !....सुबह सुबह खबर मिली .... हां ....अकेली को कौन पूछता है बिटिया .......................... अच्छा नमस्कार ! ...."


और जयराम जी  आगे चल पड़े | सुबह की सैर मिलाती है मित्रों से ...उनकी खबरें भी देती है |