Saturday, June 15, 2013

पेपरवाला

1998

" ओ पेपरवाले ! "
साईकिल चलाकर गुजरता पेपरवाला रुक गया |
" कांच की बोतल लेते हो ? " श्वेता ने प्रश्न किया |
" कौन सी बोतल है ?...बीयर की बोतल एक रूपये में लेता हूँ | "
" अरे नहीं | स्क्वैश और दवा की बोतल है | " श्वेता के मुंह से सहज ही निकल गया |


पेपरवाला बिना जवाब दिए बेशर्मी से चला गया |

Tuesday, June 11, 2013

अटेंडेंट

वह अटेंडेंट था | अस्पताल में भर्ती बीमार जब डिस्चार्ज होता था तब घर के सदस्य उसे अपने घर ले जाते थे | बीमार की मृत्यु हो गयी तो  बीमार के कपड़े लत्ते उसे दान में मिल जाते थे |

करीब एक वर्ष बाद भेंट हुयी उससे |

" और कैसे हो ? "
" ठीक हूँ | आजकल एक सौ दस वर्ष के बुड्ढे का काम पकड़ा है | "

मैंने मुस्कुरा कर उसका समर्थन किया |

Friday, June 7, 2013

पुलिस बनूंगी ( लघु कथा )

" टीचर ! मैं बड़ी हो कर पुलिस बनूंगी | " पढ़ते पढ़ते एकाएक एक छठी कक्षा की छात्रा ने कहा |

" क्यों ? " टीचर चौंक पड़ी उस छात्रा के कथन पर


" मेरा भाई नहीं है न | हमलोग केवल दो बहनें हैं | मेरे माता पिता बूढ़े हो जायेंगे तो मुझे उन्हें देखना पड़ेगा न | "

Thursday, June 6, 2013

कमाई ( लघु कथा )

'' कितने हुए मैडम ! स्पीड पोस्ट के | "

काउन्टर पर बैठी महिला मौन रही |
सौ का नोट देने पर पोस्ट आफिस पर बैठी महिला ने 60 रूपये और और 39 रूपये की रसीद पकड़ा दी |
'' मैडम ! और एक रुपया | ''
'' खुचरा नहीं है | ''
'' मैडम ! एक रूपये का टिकट दे दीजिये | ''


और काउन्टर पर बैठी महिला कर्मचारी ने एक रूपये का टिकट दे दिया |

Monday, June 3, 2013

अभिवादन ( लघुकथा )

दुकान के सामने से गुजरते हुए एक दुबली पतली सी औरत को गोद में सात - आठ महीने के बच्चे को पकड़े अपनी तरफ आते देख मैं उसे पहचानने की चेष्टा करने लगी | जब तक मैं तक उसे पहचानूं  वह अपने बच्चे समेत झुक कर मेरे  चरण स्पर्श कर ली ...
एकाएक मेरे दिमाग में उसका नाम कौंधा ..'' अरे ! जयिता ! ''
यह मेरी पुरानी विद्यार्थी थी |
दुकानों की कतारों के सामने उसे इस प्रकार अभिवादन करते देख जहाँ मुझे थोड़ी खुशी हुयी वहीं झेंप भी लगी |
...''अरे ! तेरी शादी हो गयी ? ...कहाँ रहती है ? ''
...''यहीं ..पास में ही घर है | ''
...'' चलो अच्छा है ...मैका और ससुराल एक ही शहर में है | ''

मैं आगे बढ़ चली |

Friday, May 31, 2013

निमन्त्रण ( लघु कथा )

निमन्त्रण पत्र पर नाम लिखा जा रहा था |

श्रीमती विमला प्रसाद .....लिख दूं ....घर की तो वही बड़ी है |

सामनेवाले ने मेरे हाथ से कार्ड ले कर पुत्र का नाम लिख दिया |


वैवाहिक समारोह में पुत्र सपत्नीक पधारे थे |

Saturday, March 9, 2013

नौकरानी ( लघु कथा )

....माँ जी !....भैया का फोन आया था |
....अच्छा !
....पूछ रहा था ... माँ कैसी है ?
...अच्छा !....मुझे तो नहीं आया ?...
मकान के आउट हॉउस में नौकर का परिवार रखा गया था माँ की देखभाल के लिये |