Monday, June 3, 2013

अभिवादन ( लघुकथा )

दुकान के सामने से गुजरते हुए एक दुबली पतली सी औरत को गोद में सात - आठ महीने के बच्चे को पकड़े अपनी तरफ आते देख मैं उसे पहचानने की चेष्टा करने लगी | जब तक मैं तक उसे पहचानूं  वह अपने बच्चे समेत झुक कर मेरे  चरण स्पर्श कर ली ...
एकाएक मेरे दिमाग में उसका नाम कौंधा ..'' अरे ! जयिता ! ''
यह मेरी पुरानी विद्यार्थी थी |
दुकानों की कतारों के सामने उसे इस प्रकार अभिवादन करते देख जहाँ मुझे थोड़ी खुशी हुयी वहीं झेंप भी लगी |
...''अरे ! तेरी शादी हो गयी ? ...कहाँ रहती है ? ''
...''यहीं ..पास में ही घर है | ''
...'' चलो अच्छा है ...मैका और ससुराल एक ही शहर में है | ''

मैं आगे बढ़ चली |

Friday, May 31, 2013

निमन्त्रण ( लघु कथा )

निमन्त्रण पत्र पर नाम लिखा जा रहा था |

श्रीमती विमला प्रसाद .....लिख दूं ....घर की तो वही बड़ी है |

सामनेवाले ने मेरे हाथ से कार्ड ले कर पुत्र का नाम लिख दिया |


वैवाहिक समारोह में पुत्र सपत्नीक पधारे थे |

Saturday, March 9, 2013

नौकरानी ( लघु कथा )

....माँ जी !....भैया का फोन आया था |
....अच्छा !
....पूछ रहा था ... माँ कैसी है ?
...अच्छा !....मुझे तो नहीं आया ?...
मकान के आउट हॉउस में नौकर का परिवार रखा गया था माँ की देखभाल के लिये |

Sunday, January 6, 2013

नयी पौध ( लघु कथा )

पार्क में वह टहल रही थी |
सात , आठ कक्षा के बच्चे फूटबल खेलने के लिये रंग बिरंगी कूप्पियों से घेरा बना रहे थे |
इसी बीच  एक लड़के की आवाज आई ...
" अबे मादरचोद ! ...कैसे लगा रहा है कुप्पी ? "
" बहनचोद !...लौड़ा के !....ठीक से घेरा भी नहीं बना सकता ? "
प्रत्युत्तर कुछ नहीं आया |

Sunday, September 23, 2012

फूलवाला


' फूलवाला !....फूलवाला ! '

एक छोटे डंडे में मल्ली फूल छोटी छोटी लड़ी लटका कर वह हर रोज शाम के पांच से साढ़े पांच के बीच हमारे मोहल्ले में आवाज लगाया करता था | उसकी आवाज आँखों में मेरी चमक ला देती थी | एक लड़ी का मूल्य था पचास पैसे | हर रोज मैं उस से फूल की एक लड़ी खरीदती थी और अपनी दो वर्षीय बिटिया के बालों में क्लिप से लगा देती थी | उसका खिला चेहरा देख मन प्रसन्न हो जाता था |
कुछ ही दिनों में हर रोज पचास पैसे खुचरा फूल के नाम से अलग रखना मुझे कठिन लगने लगा |

' सुनो ! ऐसा करो हर महीने एक साथ पैसे ले जाना | ' ---- एक दिन मैंने फूलवाले से कहा |
' ठीक है ..दीदी ! ' ----- वह खुश हो गया था | उसे एक ऐसा ग्राहक मिल गया जो उससे पूरे महीने फूल खरीदेगा |

तीन माह तक फूलवाला आता रहा | एक दिन मैंने सुना दंगा छिड़ा है | फूलवाला भी आना बन्द हो गया | दिन बीते मास बीते वर्ष भी बीत गया पर वो फूलवाला न आया | मै सोंचने लगी कहीं चला गया शायद | अवचेतन मन में डर सा लगा | कहीं किसी ने मार तो नहीं दिया !
फूलवाला न आया कभी |
याद आता है आज भी वो फूलवाला |

Sunday, September 2, 2012

बैंगन का भर्ता ( लोक कथा )

एक संयुक्त परिवार था | घर में चार बहुरानियाँ थीं |
छोटी बहू का मन बहुत दिनों से बैंगन का भर्ता और भात खाने का कर रह था | पर बने कैसे ? सबका मन करे तब न बने |
परेशान बहू ने एक दिन एक बैंगन चूल्हे में डाल कर भून लिया | किसी को पता भी न चला | एक अलग हंडी में उसने भात निकल कर रख लिया | अब बैंगन का भर्ता लहसुन मिर्च डाल कर खूब स्वादिष्ट मनालायक बना कर भात की हांडी में छुपा कर रख दिया |
पर अब भला वो खाए कहाँ ?
उसने सोंचा पूजा घर में कोई नहीं जाता है इस समय वहीं जा कर खा लेती हूँ |
पूजा घर में बैठ कर बड़ी तृप्ति से वह खायी अपना भर्ता भात | खाने के बाद उसकी निगाह भगवान की मूर्ति पर पड़ी | उसने देखा भगवान ने आश्चर्य से अपने दांतों तले उंगली दबा ली है |
उसने पूजा घर जूठा कर दिया था |
छोटी बहू को बड़ा गुस्सा आया |
....मुझे खाने का मन था | मुझे कहीं जगह न मिली तुम्हारे घर आयी तो तुमको भी बुरा लग गया |
गुस्से में उसने अपनी हंडी भगवान के मुंह पर दे मारी |
भगवान के दांत से उनकी उंगली निकल गयी |
अब बहू ने चैन की साँस ली |

Friday, August 31, 2012

बच्चों के मुख से - १


             १

कक्षा में एक शिक्षिका ने छात्रों से पूछा ....
.......इंग्लिश कौन पढ़ाती है तुम्हें ?
.......स्मिता
.......स्मिता तुम्हारी बेटी है या मित्र ?....त्योरी चढ गयी शिक्षिका की |
.......दोस्त
.........नहीं..स्मिता टीचर …


               २

कक्षा में जीव-विज्ञान की शिक्षिका की निगाह एक छात्र पर पड़ी .....
........अरे ! तुम लिख नहीं रहे हो ? पढ़ाई के पीरियड में टिफिन खा रहे हो ? क्या तुमने मुझे कक्षा में टिफिन खाते देखा है ?
.......टीचर  ! आप कैसे खा सकती हैं ? आप तो हमलोगों के सामने रहती हैं | मैं तो पीछे बैठा हूँ न |