Monday, September 30, 2013

सीमा

सीमा का घर मेरे घर के सामने था  |

पिता ने लिख दिया था अपनी बेटी के नाम एक कमरा | उसका भी एक कारण था | पिता ने निकम्मे दामाद को यह कह कर भगा दिया था कि तुम जाओ मैं तुम्हारी पत्नी और तुम्हारी बेटी को अपने घर में रख कर उन की अच्छी तरह देख भाल करूंगा |

 पिता को भय था कहीं दामाद घर में रह कर मकान का हकदार न बन जाय |

इस तरह सीमा आजीवन पितृ गृह  में रह सकती थी |

भला किसे भाए बेटी का  उस धनाढ्य इलाके में रहना | भरे पूरे घर के सदस्यों के  ताने सुन जीवन काटती सीमा मुहल्ले की महिलाओं के तो छोड़िये कामवालियों  की आंख की भी किरकिरी थी | जिन्दगी भर प्राईवेट संस्थान में नौकरी की आमदनी से अपना घर बनाना तो सीमा के लिए असम्भव था |
इकलौती बेटी ने घर भाग कर घर बसा लिया था अपना |

बुढौती बोझ थी सीमा के लिए |

अपना अलग खाना बना कर अपने कमरे में सोने पर भी घर में आये दिन किसी न किसी से तू तमार होती रहती थी | पर बला की जीवट महिला थी सीमा इतना झेलने के बाद भी  न तो वह घर से भागी न ही ईश्वर से मौत मांगी |

कोई  उसे मान न देता था पर वह स्वयं की पीठ ठोकती थी कि वह  भगोड़ी नहीं जीवन युद्ध के मैदान की |

एक दिन धूम धाम से अर्थी निकली सीमा की उस घर से |

मृत्यु भोज हुआ |

भाईयों भाभियों ने वाहवाही बटोरी बहन के देखभाल की |

मेरी खिड़की से दिखता एक चरित्र अतीत के गर्भ में समा गया था  ?

                                   

                      

Thursday, September 19, 2013

ये कैसे रक्त सम्बन्ध हैं !

दो कमरे का घर भाड़े पर लेकर श्रीधर सर अकेले रहते थे |

श्रीधर सर के घर के दो गली पीछे उनकी बेटी अपने पति व बच्चों के साथ रहती थी और बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दुसरे शहर में रहता था |

श्रीधर सर की दुनिया उनके अपने ट्यूशन के बच्चे ही थे | बच्चे  ही उनके मित्र और सम्बन्धी  थे | उन्हें वे पिकनिक भी ले जाते थे |
" दीदी श्रीधर सर को न रात को दिल का दौरा पड़ा था | मेरा भाई उस समय उनसे ट्यूशन पढ़ रहा था | रात को सब ट्यूशन के छात्रों ने  मिल कर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया था और उनकी बेटी को खबर भी कर दिया था | " एक बच्चे ने स्मिता से कहा |

स्मिता उस बच्चे की बातें सुन  सोंचती रह गयी ...फिर उसने सोंचा .....चलो श्रीधर सर को किसी पर निर्भर तो न रहना पड़ा |

विद्यालय में सेक्स एजुकेशन

" बच्चों को पर्सनल मोबाइल न दें | आप अपना मोबाइल दे सकते हैं कुछ घंटों के लिए हर रोज | इससे ये फायेदा होगा कि आपका बच्चा किससे किससे बात कर रहा है आपको ज्ञान रहेगा | बच्चे सेक्स के बारे में प्रश्न पूछते हैं आपसे तो आप सहजता से उसकी समस्या का समाधान करें | आप उसके प्रश्नों के उत्तर टालेंगे तो आपका बच्चा किसी बाहरी व्यक्ति  से पूछेगा  और वह व्यक्ति आपके बच्चे को गुमराह होगा |.... " अध्यापिका मीटिंग में बोलती जा रही थी |

आठवीं ,नवीं ,दसवीं कक्षा के छात्रों को अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय में मीटिंग के लिए बुलाया गया था | स्टेज पर मुख्याध्यापक और आठवीं नवीं और दसवीं कक्षा के अध्यापक व अध्यापिकाएं बैठे थे |

अभिभावक व छात्र दोनों चुप चाप सुन  रहे थे सेक्स एजुकेशन  विषय पर |

स्कूल में कैंटीन

" नानी ! हमारे स्कूल में कैंटीन खुल गया है | वहां आलू चाप , समोसा और बड़ा सस्ते में मिलता है | अब तुमको नाश्ता बनाने का झमेला नहीं रहेगा | " नाती ने स्कूल से लौटते ही खबर सुनाई |

" मेरे स्कूल में तो टिफिन  में फ्री विटामिन सी टेबलेट , एक केला , एक संतरा और दो बिस्कुट मिलता था और जिसके पापा की तनख्वाह कम थी उन्हें साल में एक बार फ्री चार सेट यूनिफार्म  भी मिलता था " नानी ने हंस कर कहा |


" समोसा नहीं मिलता था न | " नाती ने हार न मानते हुए कहा |

जूलियस ( लम्बी कहानी )

1073    


उसका नाम जूलियस था | वह एक आदिवासी बालक था | जब मास्टर बन कर स्कूल में मैंने नौकरी पकड़ी तब वह सातवीं कक्षा में पढ़ता था | आदिवासी बच्चों का भी दिमाग इतना तेज हो सकता है यह मुझे उसी समय पता चला |
उससे किसी भी विषय की किसी भी पुस्तक के किसी अंश से  प्रश्न मैं पूछता था तो  उत्तर उसकी जुबान पर  रहता था | उसकी हस्त लिपि गोल गोल व सुंदर  थी | उसकी मैली कमीज के कारण  उसका काला चेहरा , चिपटी नाक , और छोटी छोटी आंख बड़ी घृणास्पद लगती थी |
कक्षा में वह हमेशा चुपचाप अपनी पुस्तक में डूबा रहता था | उसके साथी हमेशा शोर गुल मचाते  रहते थे | मैंने उसे कभी किसी से गप्पें मरते न देखा था |
एक दिन वह मेरा दिया गृह कार्य कर के नहीं लाया |
" जाओ ! धूप में खड़े रहो | " मैंने उसे सजा दी |
वह चुपचाप सिर झुकाए खड़ा रहा | उसकी आंख से आंसू टपटप धरती पर गिरते रहे | मैं उसे अनदेखा कर के कक्षा में पढ़ाता रहा |
पीरियड खतम होने पर मैंने उसे चपरासी द्वारा कामन रूम में बुलवाया |
" देखो ! तुम इतने अच्छे बच्चे हो | तुम्हारा दिमाग इतना तेज है | फिर तुम गृह कार्य क्यों नहीं कर के लाये ? यह कितनी गलत बात है | " मैंने उसे समझाने की चेष्टा की |
अपना सिर उठा कर कुछ क्षण तक वह मुझे देखता रहा |
" कल शाम को जब मैं स्कूल का गृह कार्य कर रहा था तब मेरे बापू आये और मुझे खूब पीटे | मेरी कापी फाड़ डाले वे | फिर बोले जब देखो पढ़ता रहता है | ये नहीं कि जरा बकरी ही चरा लायें | " रुक रुक कर बोला जूलियस |
" ओह ! ....ठीक है | कल कर के लाना गृह कार्य | "
" अच्छा | "
पर  दुसरे दिन भी गृह कार्य नहीं कर के लाया जूलियस |
मैंने फिर उससे पूछा - " अब क्या हो गया ? "
" कापी तो बापू फाड़ दिए थे फिर कापी कहाँ से आती | बापू बोलते हैं - मत पढ़ो | क्या होगा पढ़ कर | " पूछने पर जूलियस बोल पड़ा |
" तुमलोगों को तो स्कूल से पैसा मिलता है | तुम्हारे पास तो पैसा होगा ही | "
" वो पैसा तो मिलते ही छीन  कर ले जाते हैं और शराब पी जाते हैं | "
मैंने कापी खरीदने के लिए जूलियस को रूपये दिए | वह मना करता रहा पर मैंने उसे जबरन थमा दिए रूपये |

एक दिन मैंने उसका अकाउंट पोस्ट आफिस में खुलवा दिया | उसे  समझाया कि उसे कहीं से भी रूपये मिलें तो वह उन्हें पोस्ट आफिस में ही जमा कर दे |
धीरे धीरे अपनी सरलता और विद्याध्ययन के प्रति सुरुचि के कारण जूलियस ने मेरे हृदय में अपना एक स्थान बना लिया |
उसे कुछ भी पूछना होता तो वह मेरे घर बेहिचक आ जाया  था |
मेरी श्रीमती जी भी उसे संतानवत प्रेम करती थी | मेरे घर आने पर वे उसे बिना कुछ खिलाये जाने न देती थी |
                एक दिन मैं रात में खाना खा  रहा था तभी दरवाजा खटका | श्रीमती जी ने दरवाजा खोला | बाहर जूलियस था | मैं खाना छोड़ उठ खड़ा हुआ |
" अरे जूलियस ! आओ | क्या हुआ ? "
" मैं पढ़ रहा था उसी समय बापू पी कर घर में आये | मुझे पढ़ते देख कर एकदम बिगड़ गये | बोले - इतना बड़ा लड़का बैठ कर खाता  है | स्साला विलायत जायेगा | घर में एक पैसा नहीं है | ठहर मैं तेरी पढाई निकलता हूँ | वे फरसा उठा कर मुझे मारे | मैं बाल बाल बच गया | उनका फरसा  जा कर दीवाल से टकराया | उनका गुस्सा और बढ़ गया | वे फरसा ले कर मुझे मरने के लिए फिर दौड़े | मैं जान बचा कर भाग आया | "
     मैं सोंच ही रहा था कि किसी के पारिवारिक झमेले में पड़ना कहां तक उचित है तबतक मेरी श्रीमती जी बोल पडीं -
" अच्छा किये तुम यहां आ कर | नहीं तो तुम्हारे पिता क्रोध में आ कर न जाने क्या कर बैठते | ... चलो हाथ मुंह धो कर खाना कहा लो | "
वह सिर झुकाए श्रीमती जी के पीछे चला |
मैं अपनी खाने की थाली के सामने फिर से बैठ गया |
दुसरे दिन जूलियस का बाप उसे खोजते हुए मेरे घर आया | मैंने उसे प्यार से बैठाया और समझाया |
" देखो ,तुम्हारा बेटा जूलियस पढ़ने लिखने में बहुत तेज है | तुम उसको पढ़ने क्यों नहीं देते ? "
" बाबु ! हम लोगों को तो पेट को खाने को नहीं अंटता है | हम लोग पढ़ लिख कर क्या करेंगे ? हम लोग कितना भी पढ़ लिख लें क्या आप लोग की बराबरी कर सकेंगे ? हम लोग का जन्म ही मिट्टी का काम करने के लिए हुआ है  |"
" ऐसा क्यों सोंचते हो ? वह पुराना जमाना गया | अब सब बराबर हैं | मुझमें और तुममें अंतर ही क्या है ? मेरी तरह तुम भी मनुष्य हो | "
" बाबु जी ! आपके बोलने से क्या होगा ? दुसरे लोग तो हमें नीचा समझते हैं न | "
" किसी के नीच कहने से कोई नीच नहीं हो जाता है | अब तुम खुद सोंचो तुम अपने लड़के को पढ़ने दोगे तो तुम्हारा लड़का पढ़ लिख कर बड़ा आदमी बनेगा | तब दुनिया खुद तुम्हे सम्मान देगी | ये जो लोग तुम्हें देख कर हंसते हैं वे तुम्हें आदर पूर्वक घर में बुला कर बैठाएंगे | फिर तुम्हें कुछ खर्च भी नहीं करना है | अभी तो उसे किताब कापी के लिए सरकार पैसा सरकार देती है | तुम्हारा लड़का कालेज में हास्टल में रहेगा तो सरकार उसे और अधिक पैसा देगी | "
" अच्छा SS ! मुझे इतना नहीं मालूम था | "
" और नहीं तो क्या !...सरकार तुम लोगों  को ऊँचा उठाने के लिए कितना काम करती है | "
" ठीक है बाबू जी ! जब आप कहते हैं तो जुलियस को मैं आपके घर में ही छोड़ दूंगा | आप लोगों की संगति रहेगी तो वह कुछ कर सकेगा | नहीं तो मेरे पास तो वो कुछ न पढ़ सकेगा | "
मैंने सोंचा - अजीब मुसीबत गले पड़ गयी | अपने तो तीन बच्चे वैसे ही मौजूद हैं | अपनों की जिम्मेदारी तो उठाई नहीं जाती अब चौथे को भी गोद ले लूं |
" नहीं उसे अपने पास ही रखो | उसे कुछ पूछना होगा तो आ कर मेरे घर पूछ लिया करेगा | " मैंने कहा |
" वैसे तो आपके घर  ही रहना ठीक था उसका | पर जब आप कहते हैं तो अपने पास ही रखूंगा उसे | "
और वह जूलियस को साथ ले मुझे नमस्कार कर चला गया |
मैंने राहत की सांस ली | सोंचा - यहाँ तो होम करते वक्त भी हाथ जल रहे थे |
उसके बाद से जूलियस के सामने कोई समस्या नहीं आयी |
समय पंख लगा कर उड़ गया |
जुलियस मेट्रिक  फस्ट डिविजन में पास किया |

जूलियस का बाप मेरे पैरों पर माथा रख दिया |
" अरे रे ! यह क्या करते हो | उठो ! उठो ! " मैंने उसे बांह पकड़ कर उठाते हुए कहा |
" नहीं बाबूजी ! अपने मेरी आंखें खोल दी हैं | यह सब आप ही के कारण हुआ है |
जूलियस ने शहर में कालेज में दाखिला ले लिया |
समय बीतता गया | मैं अपने दैनिक कार्यक्रम में इतना व्यस्त हुआ कि जूलियस को भूल गया |

शनिवार का दिन था |
आठवीं कक्षा में मैं हिदी साहित्य पढ़ा रहा था |
" दिनकर का पूरा नाम क्या है ? "मैंने एक लड़के से पूछा |
"......" लड़का चुप |
" हिन्दी साहित्य पढ़ते हो दिनकर का पूरा नाम याद नहीं ! ......." क्रोध में चपत मारने को उठा मेरा हाथ हवा में ही रह गया |
दरवाजे पर एक युवक खड़ा था | चेहरा कुछ परिचित सा लगा |
" सर ! नमस्कार ! ....मुझे पहचाने नहीं ....... मैं हूँ आपका जूलियस | "
" ओह ! जूलियस तुम !
आनंदवेग में मै कक्षा से बाहर निकल आया |
जूलियस बिलकुल बदल गया था | मेरी आंख के सामने उसकी मैली कमीज चिपटी नाक व छोटी छोटी आंख वाला चेहरा कौंध गया |
आज उसकी लम्बी नुकीली मूंछ रोबदार चेहरा उसके बचपन के चेहरे का उपहास कर रहा था |

" सर ! मैं इस जिले का जिलाधीश नियुक्त हुआ हूँ | "
" अच्छा ! " मेरी आंखे आश्चर्य से फ़ैल गयीं | तो अब वो आई० ए० एस० आफिसर बन गया था |
विद्यालय के सभी शिक्षक उसे कौतुहल से देख रहे थे |

विद्यालय की छुट्टी के बाद वह मेरे साथ मेरे घर पैदल ही गया |
" इनसे मिलो हमारे जिलाधीश ..मिस्टर जूलियस | " मैंने अपनी पत्नी से परिचय कराया युवक का |
जूलियस ने बढ़ कर मेरी पत्नी का चरण  स्पर्श किया | आज शिक्षक के रूप में मेरा सीना गर्व से फूल गया था |






           
                                                               

Friday, September 13, 2013

हिन्दी प्रेम

" तुम हिन्दी विषय नहीं ले सकती M.I.L.में | तुम्हारी मातृभाषा ओड़िया है | तुम्हें ओड़िया  कक्षा में ही बैठना होगा | " कक्षा के मुख्य अध्यापक ने कहा |
शिक्षक तैयार ही नहीं थे विनीता को हिन्दी कक्षा में बैठने देने को | 
" नहीं सर !  हिन्दी   में मेरे नम्बर अच्छे आते हैं | मैं हिन्दी विषय ही चुनुंगी | " नवम कक्षा की छात्रा विनीता ने जिद किया | 
नवम कक्षा से ही दो सेक्शन  बन जाता था विद्यालय में - ओड़िया सेक्शन और हिन्दी सेक्शन | हिन्दी सेक्शन में जिन छात्रों की मातृभाषा ओड़िया नहीं है वे बैठते थे और वे हिन्दी विषय ही पढ़ते थे M.I.L. में |
विनीता की जिद विद्यालय के प्रिंसिपल तक पहूंची |
" ठीक है | तुम अपने पिता से आप्लिकेसन  लिखवा कर लाओ कि तुम्हें हिन्दी विषय पढ़ने दिया जाय M.I.L. में | "  प्रिंसिपल ने विनीता को समझाया |

दुसरे दिन विनीता ने विद्यालय विनीता ने पिता के हाथ का लिखा हिन्दी पढने देने के लिए  अनुरोध पत्र    प्रिंसिपल को दे दिया |
अब विनीता हिन्दी सेक्शन में बैठने लगी |


Saturday, September 7, 2013

बाबा ! मुंह खोलिए

" बाबा ! मुंह खोलिए | "  छठी कक्षा में पढ़नेवाली पोती श्रेया ने कहा | उसके बाबा हमेशा घर के बरामदे में लेटे रहते थे आंख बंद कर के | श्रेया की कमाई उसे स्कूल में मिला मुफ्त का नाश्ता था | उसे हर रोज स्कूल में दो केला और चार बिस्कुट मिलते थे | बिस्कुट वो कापी के पन्नों के बीच में रख कर लाती थी अपने दादा के लिए |
" क्या है ? " 
" दादा जी ! बिस्कुट है | मैं आपके लिए स्कूल से लाई हूँ | "
दादा जी मुंह खोल देते थे | उस खुले मूंह में बिस्कुट डालने में उसे बड़ा आनंद आता था |

इस घटना की मिठास बीस वर्ष बाद आज के दिन भी श्रेया के मन  में मौजूद है |

Friday, September 6, 2013

चाभी

" बेटा ! लाकर की चाभी कहां रख कर गये ? " सुनीता देवी परेशान हो कर बोली |
" क्या करोगी लाकर की चाभी ? " फोन से आवाज आयी दिवेश की |
" मुझे दूसरा कान का पहनना है | "

फोन कट गया |

पिता  के गुजर जाने के बाद उसकी अलमारी दिवेश ने ठीक से जमा दिया था | अब आलमारी के लाकर की चाभी जिसमें सुनीता देवी ने अपने जेवर रखे थे मिल ही नहीं रही थी |


खुद खाना बना लो !



दसवीं कक्षा की छात्रा श्वेता ने अपने पिता के कथन को हुबहू कहा मुझसे ...." मैं परेशान हो गया हूँ इस किच किच से ....तुम्हारे लिए खाना नहीं रहता है तो खुद बना लो | " 
राम दास की पहली पत्नी से दो संतानें थी ...एक पुत्र और एक पुत्री | दुसरी पत्नी से दो पुत्र थे | विमाता को श्वेता के विद्यालय की पढ़ाई बिलकुल नहीं सुहाती थी |
मैं अवाक् और निरुत्तर थी उस छात्रा की बात सुन |